उत्तराखंड - नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
 

 

उत्तराखंड - देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में 15 साल की नाबालिग लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता की मां ने थाना डोईवाला में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की मां ने तहरीर में बताया कि वह अपनी 15 वर्षीय बेटी और बेटे के साथ पिछले चार वर्षों से डोईवाला के एक विशेष समुदाय के व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रही हैं। मकान में उसी समुदाय के अन्य किराएदार भी अपने परिवार के साथ रहते हैं। शिकायत में कहा गया है कि उनकी बेटी का मकान में इन लोगों के साथ लगातार आना-जाना था। वहीं मकान में रहने वाला एक युवक भी अक्सर उनकी अनुपस्थिति में उनके कमरे में आता था।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उक्त युवक ने उसकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया। साथ ही उसे मुस्लिम धर्म के अनुसार कपड़े पहनने, बोलचाल और व्यवहार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। धीरे-धीरे नाबालिग लड़की ने मुस्लिम धर्म को अपनाना शुरू कर दिया। पीड़िता की मां ने यह भी कहा कि जब भी वह घर में नहीं होती थी, युवक घर में आकर उनकी बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसाकर मुस्लिम धर्म के अनुसार व्यवहार करने के लिए प्रेरित करता था।

एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में चिंता और चर्चा पैदा कर दी है।