उत्तराखंड - सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद के बाद मोहम्मद दीपक गिरफ्तार, कारोबारी से बदसलूकी का आरोप
कोटद्वार - सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद कोटद्वार के चर्चित मोहम्मद दीपक उर्फ दीपक कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दीपक पर एक कारोबारी की दुकान में पहुंचकर कथित तौर पर बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना के बाद कारोबारी और व्यापार मंडल से जुड़े लोग कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए। मामला गरमाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने की घटना को लेकर मोहम्मद दीपक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। कारोबारी संजीव टांक ने इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी लिखने की बात कही थी। कारोबारी का आरोप है कि इसी टिप्पणी से नाराज होकर दीपक गुरुवार सुबह उनकी दुकान पर पहुंचे और बहस करने लगे। कारोबारी ने धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
कारोबारियों ने कोतवाली में दिया धरना -
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और मोहम्मद दीपक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि दीपक सोशल मीडिया पर हिंदू समाज से जुड़े विवादित पोस्ट करते रहे हैं। हालांकि, ये आरोप व्यापारियों की ओर से लगाए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने व्यापारियों को समझाया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने मामले में दर्ज शिकायत और आरोपों के आधार पर मोहम्मद दीपक को गिरफ्तार कर लिया।
जनवरी में भी सुर्खियों में आए थे दीपक -
मोहम्मद दीपक इस साल जनवरी में भी कोटद्वार में एक विवाद के बाद चर्चा में आए थे। 26 जनवरी को पटेल मार्ग पर एक दुकान का नाम बदलने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और दुकान मालिक के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान दीपक मौके पर पहुंचे थे और खुद को मोहम्मद दीपक बताते हुए शांति की अपील की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। बाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दीपक से मुलाकात की थी। इसके बाद दीपक को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया में भी चर्चा हुई थी।