उत्तराखंड - लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जेल के वरिष्ठ अधीक्षक को मिली धमकी, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
उत्तराखंड - हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वरिष्ठ अधीक्षक को फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेश के माध्यम से धमकाया गया। मामले में सिडकुल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन को धमकी मिलने के बाद वरिष्ठ अधीक्षक ने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मामले में जेल में बंद एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्ढा पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब फोन कॉल, व्हाट्सऐप संदेश और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही धमकी के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें किसी गिरोह की संलिप्तता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।