उत्तराखंड - केतन हत्याकांड में नया मोड़, मेडिकल रिपोर्ट के बाद मृतक समेत दो पर पॉक्सो व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज 
 

 

उत्तराखंड - टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र के चर्चित केतन लाल हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। मेडिकल रिपोर्ट और उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद लंबगांव पुलिस ने मृतक केतन लाल और उसके साथी दिवाकर डिमरी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रतापनगर विकासखंड के खोलगढ़ गांव निवासी एक नाबालिग की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जून की रात केतन लाल और दिवाकर डिमरी उनके घर में घुस आए और उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय का रुख किया।

मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने पुलिस को नाबालिग का पक्ष सुनने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद नाबालिग की मां की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

थानाध्यक्ष डीपी काला ने बताया कि मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक हेमलता को सौंपी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 7 जून को प्रतापनगर क्षेत्र में अनुसूचित जाति के युवक केतन लाल की हत्या का मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। आरोप था कि सवर्ण समाज की एक किशोरी से दोस्ती के कारण किशोरी के परिजनों ने केतन लाल और उसके साथी दिवाकर डिमरी को घर बुलाया, जहां दोनों के साथ मारपीट की गई। इस घटना में केतन लाल की मौत हो गई थी।

हत्या के मामले में पुलिस ने किशोरी के पिता, दादा समेत चार आरोपितों को हत्या, एससी/एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया था। अब इसी प्रकरण में पॉक्सो और दुष्कर्म का अलग मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की जांच का दायरा और व्यापक हो गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।