उत्तराखंड - माफी मांगता रहा डिलीवरी बॉय, सिक्योरिटी गार्ड बरसाता रहा लात-घूंसे, पुलिस ने आरोपी गार्ड को किया गिरफ्तार

 

उत्तराखंड - देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। वायरल वीडियो में सुरक्षा गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान डिलीवरी बॉय उससे माफी मांगता नजर आ रहा है, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहती है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह (45) निवासी डी-22, सेक्टर-3, डिफेंस कॉलोनी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है और घटना के समय शराब के नशे में था। डिलीवरी बॉय से बहस के बाद उसने उसके साथ मारपीट की। बताया गया कि घटना सोमवार देर शाम की है। डिलीवरी बॉय एक ऑर्डर लेने के लिए मॉल पहुंचा था। आरोप है कि वह निर्धारित मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से अंदर जाने का प्रयास कर रहा था, जिस पर सुरक्षा गार्डों ने उसे रोक लिया। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति गार्ड को रोकने का प्रयास करता दिखाई देता है, लेकिन वह उसकी बात नहीं मानता। वीडियो में डिलीवरी बॉय और गार्ड के बीच बहस भी होती नजर आ रही है। मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है। पुलिस के मुताबिक मौके पर आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस टीम ने महेंद्र सिंह को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, पुलिस के अनुसार घटना को लेकर पीड़ित डिलीवरी बॉय की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। डिलीवरी बॉय की पहचान और घटना के संबंध में अन्य तथ्य भी अभी सामने नहीं आए हैं। पुलिस का कहना है कि डिलीवरी बॉय के निर्धारित मार्ग के बजाय किसी अन्य प्रतिबंधित रास्ते से प्रवेश करने का आरोप जांच का विषय है। मारपीट किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।