उत्तराखंड - सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड - ऋषिकेश में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर दो नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित छात्रा के पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, मंगलवार को उनकी 14 वर्षीय पुत्री और उसकी 13 वर्षीय सहेली के साथ स्कूल परिसर में कथित रूप से गलत हरकत की गई। स्कूल से घर लौटने के बाद छात्राएं डरी और सहमी हुई थीं। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजनों ने मामले की जानकारी लेने के लिए स्कूल पहुंचकर प्रधानाध्यापक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह स्कूल में मौजूद नहीं मिले। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।