उत्तराखंड - 4.80 करोड़ बैंक गबन मामले में पूर्व शाखा प्रबंधक गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से कराया था लोन पास
देहरादून - राज्य सहकारी बैंक में करोड़ों रुपये के गबन मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से करोड़ों रुपये का लोन स्वीकृत कराकर गबन करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 20 जेसीबी मशीनों की खरीद के नाम पर बैंक से 4 करोड़ 80 लाख रुपये का फर्जी लोन पास कराया और राशि का दुरुपयोग किया।
इस मामले की शिकायत 15 मई 2026 को अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक क्रॉस रोड, देहरादून के मुख्य शाखा प्रबंधक रिंकू गौतम ने नगर कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि बैंक के फॉरेंसिक ऑडिट में 2013 से 2016 के बीच गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच में पाया गया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक महाबीर सिंह ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी प्रविष्टियां कीं और रकम को निजी खातों में ट्रांसफर कर बैंक को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।