उत्तराखंड- उप शिक्षा अधिकारी एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
उत्तराखंड- देहरादन जिले के डोईवाला विकासखंड में तैनात उप शिक्षा अधिकारी को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नेपाली फार्म के पास की गई, जहां आरोपी अधिकारी अपनी निजी गाड़ी में घूस लेने पहुंचा था। इस दौरान एक महिला सह आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों को पूछताछ के लिए रायवाला कोतवाली ले जाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोईवाला में प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में तैनात उप शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट पर आरोप है कि उन्होंने ऋषिकेश क्षेत्र के एक निजी स्कूल संचालक से शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत पढ़ रहे छात्रों के बिल भुगतान के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना विजिलेंस विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
विजिलेंस टीम के मुताबिक, तय योजना के तहत आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म में रिश्वत लेने पहुंचा, जहां पहले से मौजूद टीम ने उसे और उसकी सह आरोपी पुष्पांजलि को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह रिश्वत निजी स्कूल को आरटीई के तहत मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि के भुगतान के लिए मांगी गई थी। मामले में विजिलेंस अधिकारियों द्वारा गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी -
धनवीर सिंह बिष्ट, उप शिक्षा अधिकारी/प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला, देहरादून
पुष्पांजलि, निवासी डालनवाला, देहरादून (वर्तमान में गुमानीवाला स्थित निजी स्कूल में तैनात)
विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।