Uttarakhand Crime - ट्रिपल मर्डर से दहली राजधानी, एक साथ तीन हत्याओं की वारदात से पूरे इलाके में दहशत
Uttarakhand Crime - उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर की वारदात से हड़कंप मच गया। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बदमाशों ने घर में घुसकर दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या कर दी। एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान रमेश कपूर, रजनी कपूर निवासी देहरादून व शीला निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तपोवन रोड स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में घटना के वक्त घर में दंपती और उनकी नौकरानी मौजूद थे। दंपती के बच्चे बाहर रहते हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश लूट के इरादे से घर में दाखिल हुए थे, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
एक ही घर में तीन लोगों की हत्या से विष्णुलोक कॉलोनी में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे लूट का मकसद था या कोई अन्य वजह, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा करने के लिए संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।