Uttarakhand Crime - पति-पत्नी के बीच कमरे में हुआ विवाद,चिल्लाते हुए बाहर आयी नीलम, पाठल से हमला, कर दी हत्या 
 

 

Uttarakhand Crime - देहरादून जिले की कालसी तहसील के कचटा गांव में गुरुवार शाम पति ने कथित तौर पर पाठल से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पाठल भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, करीब चार साल पहले नीलम का विवाह मनोज के साथ हुआ था। मनोज गांव में अपने परिवार के साथ खेतीबाड़ी का काम करता है। गुरुवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कमरे में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर बरामदे की ओर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान मनोज ने वहां रखे पाठल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नीलम की मौत हो गई और आरोपित मौके से फरार हो गया।

किशोरी ने परिजनों को दी सूचना - 
घटना के समय घर में सो रही 15 वर्षीय किशोरी पायल चीख-पुकार सुनकर कमरे से बाहर आई। इसके बाद उसने परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

राजस्व पुलिस ने दर्ज किए बयान - 
घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार कालसी रवींद्र असवाल और नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल राजस्व पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने शव को कब्जे में लिया और मौके से पाठल बरामद किया। पुलिस ने घटना के समय मौजूद किशोरी के बयान दर्ज किए। इसके अलावा परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई। वारदात के बाद से आरोपित पति मनोज फरार है। राजस्व पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।