Uttarakhand Crime - डीजे पर डांस करने से नाराज प्रेमी ने युवती की कर दी हत्या, शव नहर में फेंका 

 

Uttarakhand Crime - हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी समारोह में दोस्तों के साथ डीजे पर डांस करने से नाराज प्रेमी ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, बहादराबाद के अलीपुर निवासी 28 वर्षीय नावेद और 21 वर्षीय शहनुमा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान शहनुमा अन्य युवकों के साथ डीजे पर डांस कर रही थी, जिससे नावेद नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद नावेद ने युवती की हत्या की साजिश बनाई। वह शहनुमा को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया और कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया और गांव लौट आया।

24 जुलाई को शहनुमा के परिजनों ने बहादराबाद थाने में नावेद और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। प्रारंभिक जांच में मामला चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि न तो शव बरामद हुआ था और न ही घटनास्थल स्पष्ट था। घटना के बाद आरोपी भी गांव से फरार हो गया था।

पुलिस को 27 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर के चंदनपुर गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।