उत्तराखंड - मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी, दो लाख का इनाम घोषित, आरोपी पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

 

कोटद्वार - उत्तराखंड के कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर उठे विवाद के बाद सुर्खियों में आए मोहम्मद दीपक को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने दीपक की हत्या करने पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने का भी दावा किया है। मामले में दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष निवासी मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस साइबर माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरे मामले को लेकर जमीअत उलमा-ए-हिंद के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया गया कि 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे थे और दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।