Uttarakhand Accident - यहां हो गया बड़ा हादसा, तीर्थयात्रियों की कार पलटी, एक लापता, दो गंभीर रूप से घायल

 

जोशीमठ (चमोली) - बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मध्यप्रदेश से आए तीर्थयात्रियों की एक कार मारवाड़ी के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। वाहन में सात तीर्थयात्री सवार थे। हादसे में एक यात्री लापता है, जबकि तीन घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार गोविंदघाट से ज्योतिर्मठ की ओर जा रही थी। मारवाड़ी के समीप अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे कार सड़क से फिसलकर खेत में जा गिरी।

कोतवाली ज्योतिर्मठ के एसएसआई देवेंद्र पंत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल सीएचसी ज्योतिर्मठ लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को गोपेश्वर स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

घायलों की पहचान इस प्रकार है - 
अवतार सिंह (47) पुत्र जसवंत सिंह, निवासी राजपुर, थाना करेरा, जिला शिवपुरी – गंभीर, रेफर गोपेश्वर

बद्री प्रसाद (75) पुत्र चंदन सिंह, निवासी खेरा कोटिया, थाना करेरा, जिला शिवपुरी – गंभीर, रेफर गोपेश्वर

हरनाम सिंह पुत्र नाम सिंह, निवासी ग्राम सुनारी, थाना सुनारी, जिला शिवपुरी – उपचाराधीन, सीएचसी ज्योतिर्मठ


लापता तीर्थयात्री की तलाश जारी - 
हादसे के बाद से एक तीर्थयात्री लापता है, जिसकी खोजबीन के लिए पुलिस और स्थानीय लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं। घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि लापता व्यक्ति का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते पहाड़ी सड़कों की स्थिति अत्यंत ख़राब है, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें।