Uttarakhand Accident - डंपर की टक्कर से पलटी यात्रियों की बस, महिला की मौत, 31 घायल, हादसा CCTV में कैद

 

Uttarakhand Accident -  हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में शांतिकुंज के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक यात्री बस पलट गई, जिससे एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। जानकारी के अनुसार, बस में कुल 45 यात्री सवार थे। हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली एक महिला यात्री की मौत हो गई। घायलों में 24 महिलाएं, पांच युवक और दो बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हरिद्वार हादसे का लाइव वीडियो #Accident #haridwar @haridwarpolice@pushkardhami pic.twitter.com/esNP7UQYuk

— नोएडा एक्सटेंशन की आवाज़ (@Sandeep01814044) June 1, 2026


सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सड़क किनारे एक यात्री बस को बैक किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आए डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि बस से टकराने के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय ढाबे में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से बस पलटने की सूचना मिलने के बाद तत्काल राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेजा गया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।