Uttarakhand Accident - चंडीगढ़ से पहाड़ जा रही टैक्सी गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, तीन लोग लापता
उत्तराखंड - ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
देवप्रयाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कांत के अनुसार, टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान पाली पुलिया के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते टैक्सी गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव दल वाहन तक पहुंचने और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटा है। हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य तीन लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।