Uttarakhand Accident - गुजरात सड़क हादसे में उत्तराखंड के तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, सात लोगों की मौत
Uttarakhand Accident - गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार टेलर और कार की आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सैन्यकर्मियों की पत्नियां और तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही कोटद्वार के लालपुर, सिमलचौड़ और मोटाढाक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका की मौत हो गई। वहीं, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी जान गंवा दी। तीसरे परिवार से नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और बेटी वामिका की हादसे में मौत हो गई। सौरभ का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास, राजेश का परिवार सिमलचौड़ और नितिन का परिवार मोटाढाक में रहता है।
बेटी के जन्मदिन पर गुजरात गया था परिवार -
बताया गया कि सौरभ नेगी के परिवार के सदस्य बेटी के जन्मदिन के अवसर पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। वहां तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने पहुंचे थे। घूमने के बाद लौटते समय शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई।
गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। वर्तमान में उनकी बटालियन गुजरात के भुज में तैनात है। हादसे के दिन नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर थे और वह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि सभी सातों शवों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। शवों को कोटद्वार लाया जा रहा है और तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा।
सिर में गंभीर चोट और शरीर पर कई जगह चोटें बनी मौत की वजह -
हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों की मौत सिर में गंभीर चोट और शरीर पर कई जगह आई चोटों के कारण हुई। भुज के जीके जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में हृदय और श्वसन तंत्र के काम करना बंद कर देने को मौत की वजह बताया गया है। चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण सदमे की स्थिति बनी, जिसके चलते हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया। इस हादसे ने कोटद्वार के तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। एक जन्मदिन की यात्रा सात जिंदगियों के अंत और पूरे क्षेत्र के लिए गहरे शोक का कारण बन गई।