उत्तराखंड - टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप में हुई भीषण टक्कर, 3 लोगों की मौत, 4 गंभीर घायल

 

Uttarakhand Accident - उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नवनिर्मित फ्लाईओवर के मोड़ पर टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।

पुलिस के अनुसार, रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर जा रहा था। फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया। उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में अन्नू (18), सोनी लाल (25) और शमीम (42) का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार जारी है।

पुलिस ने क्रेन और हाइड्रा मशीन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा - 
गौरतलब है कि श्यामपुर क्षेत्र के इसी नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। पिछले सप्ताह भी एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।