उत्तराखंड - यहां हो गया दर्दनाक हादसा, झोपड़ी के ऊपर गिरा डंपर, महिला समेत दो की हुई मौत

 

उत्तराखंड - ऋषिकेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक और झोपड़ी में रह रही महिला की मौत हो गई। हादसा ब्रह्मानंद मोड़ के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। जानकारी के अनुसार डंपर भद्रकाली तिराहे से ब्रह्मानंद मोड़ की ओर जा रहा था। मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद डंपर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान सड़क पर लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर टूटकर नीचे स्थित एक झोपड़ी पर गिर पड़े।

झोपड़ी में मौजूद महिला कंक्रीट डिवाइडरों की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डंपर चालक वाहन के नीचे दब गया और उसकी भी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर मलबे में दबी महिला के शव को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने चालक को पहले ही वाहन से बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कवींद्र सजवान ने बताया कि मृतक चालक की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं मृत महिला की पहचान कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावड़ी शिवपुरी के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।