उत्तराखंड - पांवटा साहिब सीमा पर हालात सामान्य, निहंगों से डीएम-एसएसपी की कई दौर की बात, इस बात को लेकर अड़े हैं निहंग
देहरादून - पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश की कोशिश कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को स्थिति सामान्य बनी रही। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा सीमा पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच गुरुद्वारा पांवटा साहिब में शांतिपूर्ण माहौल में वार्ता जारी है। गुरुवार रात के बवाल के बाद शुक्रवार को फिर गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासन और निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच बात चल रही है। वह साथियों की रिहाई की मांग पर अड़े हैं। हिमाचल बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीमा क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और निहंग समुदाय के बीच जारी वार्ता के माध्यम से सभी मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान निकल आएगा।
वहीं, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा और अन्य प्रवेश मार्गों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।