उत्तराखंड - राजधानी में गोलीकांड से मची सनसनी, युवक की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल, प्रेम प्रसंग के एंगल पर जांच

 

देहरादून - जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कल्याणपुर में बुधवार को हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। एक कमरे में युवक का शव मिला, जबकि एक महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मिली। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला का उपचार जारी है।

मृतक की पहचान कमलेश (निवासी चकराता) के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला संगीता (निवासी त्यूणी) बताई गई है। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे से अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो कमलेश खून से लथपथ पड़ा था और संगीता गंभीर रूप से घायल मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले महिला को गोली मारी और इसके बाद खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं, विशेषकर प्रेम प्रसंग के एंगल, की जांच की जा रही है।  घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कमलेश का संगीता के घर अक्सर आना-जाना था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।