उत्तराखंड - राजधानी में कार सवारों का आतंक, स्कॉर्पियो सवारों ने की फायरिंग, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत

 

Uttarakhand Crime - उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक वारदात में बदल गया। कार सवारों के बीच हुई फायरिंग में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के रूप में हुई है, जो उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।


घटना सुबह करीब 6:50 बजे मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र के पास हुई। पुलिस के अनुसार, दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी।


इसी दौरान सड़क किनारे टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


फायरिंग से बचने की कोशिश में फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव के पास एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत से उनके परिवार में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी रोष देखने को मिल रहा है।