उत्तराखंड में बारिश का कहर, मकान ढहने से तीन लोगों के मलबे में दबने की सूचना, रेस्क्यू अभियान जारी

 

पौड़ी/कोटद्वार -  उत्तराखंड में मानसून की बारिश ने एक बार फिर जनजीवन प्रभावित कर दिया है। पौड़ी जिले के द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव में मंगलवार को भारी बारिश के बीच एक मकान अचानक ढह गया। हादसे में तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया और मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव में भारी बारिश के कारण मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में तीन लोगों के दबे होने की सूचना सामने आई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल मलबे में दबे लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट - 
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के चलते कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन की ओर से लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और मौसम की जानकारी लेने की अपील की गई है।

19 और 20 अगस्त को भी भारी बारिश के आसार - 
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 अगस्त को बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 20 अगस्त को बागेश्वर और देहरादून में भारी बारिश के आसार हैं। 21 और 22 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रह सकता है।

लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही घर से निकलने की अपील की है।