उत्तराखंड - चारों ओर तबाही ही तबाही, अब चमोली के नंदानगर में बादल फटने से कई लोग लापता, घर हुए क्षतिग्रस्त 

 

उत्तराखंड - देवभूमि में साल 2025 में आयी आपदा के जख्मों को भरने में कई साल लगेंगे, कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, तो किसी का सब कुछ तबाह हो गया। अब चमोली में नगर पंचायत नंदानगर के वार्ड कुन्तरि लगाफाली में बादल फटने के कारण मलबा आने से छह भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही 10 लोग लापता हैं और दो को बचा लिया गया है।  राहत एवं बचाव कार्य जारी है। साथ ही धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा के कारण मकानों को नुकसान पहुंचा है। उधर, देहरादून जिले में गुरुवार को सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। 


चमोली के जिला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी ने बताया कि चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में बुधवार रात बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। नंदानगर के कुन्तरि लगाफाली वार्ड में छह घर मलबे में दब गए। जिलाधिकारी ने बताया कि सात लोग लापता हैं, जबकि दो को बचा लिया गया है।

 

एसडीआरएफ टीम नंदप्रयाग पंहुच गई है, एनडीआरएफ भी नंद प्रयाग के लिए गोचर से नंदप्रयाग को रवाना हो गई। सीएमओ द्वारा जानकारी दी गयी कि मेडिकल टीम, तीन 108 एम्बुलेंस मौके पर रवाना कर दी गई हैं। नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा के कारण 4-5 भवनों को क्षति पहुंचने की सूचना प्राप्त हुई है, राहत की बात है कि जनहानि नहीं हुई है। मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ा है।