उत्तराखंड - गणतंत्र दिवस परेड की गरिमा भंग करने के आरोप में दो IPS अधिकारियों पर जांच, जानिए क्या है मामला 

 

देहरादून - उत्तराखंड में गणतंत्र दिवस परेड की गरिमा भंग करने के मामले में दो आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। डीजीपी दीपम सेठ ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की जिम्मेदारी आईजी मुख्यालय डॉ. सदानंद दाते को सौंपी है। जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में तैनात आईपीएस अधिकारी जितेंद्र मेहरा गणतंत्र दिवस की पुलिस परेड में सेरेमोनियल यूनिफॉर्म के बजाय नियमित वर्दी पहनकर पहुंचे, जबकि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य होता है। इस लापरवाही को लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

वहीं, देहरादून में तैनात आईपीएस अधिकारी कुश मिश्रा परेड में उपस्थित ही नहीं हुए। इसे राष्ट्रीय पर्व की गरिमा की अनदेखी माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कुश मिश्रा हाल ही में देहरादून में तैनात हुए हैं और इससे पहले भी उनके खिलाफ दो मामलों की जांच हो चुकी है, जिनकी रिपोर्ट पौड़ी एसएसपी द्वारा मुख्यालय को भेजी जा चुकी है।

बताया जा रहा है कि गणतंत्र दिवस समारोहों के दौरान अधिकारियों की अनुपस्थिति और अनुशासनहीनता को लेकर पहले से ही चर्चाएं चल रही थीं। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में भी कई वरिष्ठ अधिकारी अनुपस्थित रहे थे।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों से परिस्थितियों को लेकर स्पष्टीकरण लिया जाएगा और जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।