उत्तराखंड - दूसरी जगह बैंककर्मी युवक की सगाई से नाराज प्रेमिका ने करवाई हत्या, पांच लाख रूपये में शूटर किया हायर
देहरादून - बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई जानलेवा फायरिंग के मामले का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में सत्यम की पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस मुठभेड़ में शूटर अंकित चौहान घायल हुआ है, जबकि उसका साथी अंकुर फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, सत्यम की दूसरी युवती से सगाई होने और उससे बातचीत बंद करने से नाराज मालिया ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने मोहित के जरिए लक्सर निवासी बदमाश अंकित चौहान से संपर्क किया और पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की। पुलिस का कहना है कि अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली -
आठ सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली और सत्यम पर गोली चला दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की। 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी चाय बागान की पगडंडी की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर मौके से फरार हो गया।
2020 में शुरू हुआ था प्रेम संबंध -
पुलिस पूछताछ के अनुसार, मालिया वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन इसके बावजूद सत्यम से संपर्क बनाए रखा। पुलिस के अनुसार बाद में उसका विवाह टूट गया।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। फरवरी 2026 में उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली और मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
सत्यम की फोटो और बैंक की जानकारी दी -
पुलिस के मुताबिक, मालिया ने मोहित के माध्यम से अंकित से संपर्क किया। हत्या की सुपारी तय होने के बाद उसने अंकित को सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। पुलिस ने बताया कि मालिया और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अंकित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद करने का दावा किया है। मामले में फरार आरोपी अंकुर की तलाश की जा रही है।