उत्तराखंड - गोकशी की वारदात की फिराक में घटना को अंजाम देने आया था UP का शातिर गैंगस्टर, मुठभेड़ में घायल

 

 

उत्तराखंड - देहरादून पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक शातिर गैंगस्टर को घायल कर गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से गोकशी की एक घटना में वांछित चल रहा था। वह अपने साथी के साथ दोबारा गोकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में देहरादून पहुंचा था।

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों बदमाश पुलिस को चकमा देकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान रईस (26) पुत्र नसीम, निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले भी गोकशी की वारदात में था शामिल - 
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से गोकशी के काम में लिप्त है। इससे पहले उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ प्रेमनगर क्षेत्र में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस उसके चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि घटना के बाद से रईस लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था।

गोवंश की कर रहा था रेकी - 
पुलिस के मुताबिक रईस अपने साथी नवाब के साथ सहारनपुर से देहरादून आया था। दोनों टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी कर गोकशी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट भी हटा दी थी। पुलिस फरार साथी नवाब की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।