उत्तराखंड - दुल्हन की तलाश इंजीनियर को पड़ी भारी, लंदन की युवती बनकर 39 लाख से अधिक की कर दी ठगी
देहरादून - शादी के लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे ऋषिकेश निवासी एक इंजीनियर साइबर ठगों के जाल में फंस गए। खुद को लंदन में रहने वाली युवती बताने वाली एक शातिर महिला ने पहले दोस्ती की, फिर निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर इंजीनियर से 39.62 लाख रुपये ठग लिए। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में ऋषिकेश निवासी अनिमेश सिंह ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं और शादी के लिए ऑनलाइन माध्यम से जीवनसाथी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अंजलि नाम की एक युवती से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान भी हुआ। बातचीत के दौरान युवती ने खुद को लंदन निवासी और फैशन कारोबार से जुड़ा बताया।
अनिमेश के अनुसार, युवती ने उन्हें ट्रेडिंग के जरिए अच्छी कमाई का दावा किया। जब उन्होंने इस बारे में जानकारी ली तो युवती ने एक लिंक भेजकर उन्हें एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया। बाद में उसने अपने कथित चाचा ‘मिस्टर जॉर्ज’ से भी परिचय कराया, जो एक व्हाट्सएप ग्रुप में ट्रेडिंग कंसल्टेंट के रूप में जुड़े थे। शुरुआत में अनिमेश ने 10 हजार रुपये निवेश किए, जिस पर उन्हें 12 हजार रुपये वापस मिले। इसके बाद 28 हजार रुपये के निवेश पर भी अच्छा मुनाफा दिखाया गया। लगातार लाभ मिलने से उनका भरोसा बढ़ गया और उन्होंने बड़ी रकम निवेश कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि सात दिन की ट्रेडिंग के बाद उन्हें बताया गया कि उनके खाते में करीब 1.50 करोड़ रुपये का मुनाफा हो चुका है। लेकिन रकम निकालने का प्रयास करने पर उनसे 30 प्रतिशत कमीशन के नाम पर 38.31 लाख रुपये जमा करवाए गए। यह रकम उन्होंने विभिन्न बैंक खातों में गूगल पे और अन्य माध्यमों से भेजी। इसके बाद भी ठगों ने रकम जारी नहीं की और वीआईपी अकाउंट सक्रिय करने के नाम पर अतिरिक्त 30 लाख रुपये की मांग कर दी। जब अनिमेश ने पैसे न होने की बात कही तो युवती ने उनकी मां से वीडियो कॉल पर बात कर भरोसा दिलाया कि वह अनिमेश से शादी करना चाहती है और निवेश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रकम वापस मिल जाएगी।
लगातार पैसों की मांग और रकम वापस न मिलने पर अनिमेश को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है