उत्तराखंड - पहाड़ से भरभराकर आये बोल्डर और मलबा, बाल-बाल बचे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और विधायक - Video
उत्तराखंड - प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं ने जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों को भी आपदा के बीच जमीनी हालात का जायजा लेने में खतरे उठाने पड़ रहे हैं। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी गुरुवार को आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने देवप्रयाग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब उनका काफिला देवप्रयाग के समीप पहुंचा। अचानक ऊपर से पूरी पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभरा कर सड़क पर आ गिरा, जिससे सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर फैल गए।
इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान पहाड़ों में लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देवप्रयाग क्षेत्र में बीते कई दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने पहाड़ियों को कमजोर कर दिया है, जिससे लगातार भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। बदरीनाथ हाईवे समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे आवाजाही और राहत कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। प्रशासन द्वारा मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मौसम की मार ने स्थिति को और कठिन बना दिया है।