उत्तराखंड - यहां तीन वर्षीय बच्ची का अपहरण, गोद में ले जाते दिख रहे हैं महिला और पुरुष, सीसीटीवी में कैद हुई घटना 
 

 

Uttarakhand Crime - हरिद्वार के कनखल क्षेत्र स्थित बैरागी कैंप में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां ठोकर नंबर-10 निवासी विनोद सोलंकी की तीन वर्षीय पुत्री राधिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। प्रारंभिक जांच में इसे अपहरण का मामला माना गया है।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक महिला और एक पुरुष बच्ची को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में दोनों संदिग्धों को एक टेंपो की ओर जाते हुए भी देखा गया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस टीम ने इलाके के सभी संभावित मार्गों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। साथ ही अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्धों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया एवं इंटरनेट मीडिया पर भी साझा किए गए हैं, ताकि आमजन की मदद से जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके और बच्ची को सुरक्षित बरामद किया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।