''हल्द्वानी - ग्राफ़िक एरा में हिंदी दिवस पर हुआ स्वतंत्रता संग्राम का मंचन, स्टूडेंट के अभिनय को खूब सराहा गया''
हल्द्वानी -( जिया सती )14 सितम्बर को ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय, हल्द्वानी परिसर में हिंदी दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और रचनात्मकता के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और हिंदी भाषा के सम्मान के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानियों की विचारधारा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि छात्रों ने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की झलक मंच पर पेश की। उनके अभिनय के माध्यम से दर्शकों को इतिहास की प्रेरणादायक घटनाओं का अनुभव हुआ।
प्रतियोगिता में महात्मा गांधी की भूमिका निभाने वाली हुज़ैफा को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। दिया ने महारानी अहिल्या बाई होल्कर की प्रभावशाली भूमिका अदा कर उपविजेता का खिताब जीता। वहीं सरोजिनी नायडू की भूमिका में निशा पाल को उनके दमदार अभिनय के लिए विशेष पुरस्कार से नवाज़ा गया।
अन्य छात्रों की प्रस्तुतियाँ भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनीं। इनमें एनी बेसेंट की भूमिका में अनामिका शाह, सुभाष चंद्र बोस के रूप में उज्ज्वल दुमका, नेहरू की भूमिका में कृष्णा रावत, रानी लक्ष्मीबाई के रूप में अंशिका भट्ट और भगत सिंह की भूमिका में भास्कर पाठक विशेष रूप से सराहे गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में निर्णायक मंडल—प्रो. बीना नारायण, डॉ. अभिनव चंदेल और प्रकाश सिंह बोरा की अहम भूमिका रही। मंच संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर कृतिका नेगी और संदीप अभिषेक द्वारा किया गया। यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को भारतीय इतिहास और भाषा से जोड़ने का एक प्रभावशाली माध्यम भी सिद्ध हुआ |