उत्तराखंड - यहां पहाड़ में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, पांच की मौत, एक बच्चा घायल
Uttarakhand Accident - उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप हुआ, जहां एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार बोलेरो (संख्या UK08 BL 0387) में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। टीम ने खाई से शवों को बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि वाहन चला रहे अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य करते थे और अपने परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी जा रहे थे। इसी दौरान कुंडाधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
हादसे में अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), तीन वर्षीय पुत्री अन्नाविया, 14 वर्षीय पुत्र शादाब और गुफरान (34) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी थे।दुर्घटना में घायल अरमान, जो वाहन से छिटककर बाहर गिर गया था, को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा दुःख जताया है।