हल्द्वानी - कैंची धाम जा रहे पर्यटकों की कार पर लगी आग, बचे बाल-बाल, यहां के रहने वाले थे दोनों 

 

 

हल्द्वानी - कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे कानपुर के पर्यटकों की चलती कार में मोटाहल्दू के पास अचानक आग लग गई। बुधवार रात हुए हादसे से कार में सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले दोनों पर्यटक कार से बाहर निकल आए और बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार अकबरपुर, कानपुर निवासी सुनील कुमार और उमेश सिंह हुंडई कार संख्या यूपी 78 एडी-8677 से कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए जा रहे थे। मोटाहल्दू के पास अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। दोनों ने तत्काल कार रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

कार में आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी आदि की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार को काफी नुकसान हो चुका था। घटना में दोनों पर्यटक सुरक्षित रहे। हादसे का शिकार हुए दोनों पर्यटक कानपुर से कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे। घटना के बाद कुछ देर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रारंभिक तौर पर कार में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।