हल्द्वानी - होटल में पूर्व फौजी के बेटे की संदिग्ध मौत, परिवार में मचा कोहराम, तीन बच्चों को छोड़कर चला गया संतोष 
 

 

हल्द्वानी - शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में स्थित एक होटल में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भीमताल निवासी संतोष सिंह सम्मल (42 वर्ष), जो कि पूर्व फौजी चंदन सिंह के पुत्र थे, की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रथमदृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, संतोष सिंह कुछ दिन पहले राजस्थान के अजमेर में घूमने गए थे। मंगलवार देर रात हल्द्वानी लौटने पर उन्होंने बनभूलपुरा के होटल में कमरा लिया। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें बेस अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

संतोष सिंह खेती-बाड़ी का काम करते थे और अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिजन अत्यंत दुखी हैं और पूरे परिवार में मातम का माहौल है। मृतक के पिता आर्मी से रिटायर हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।