हल्द्वानी - रामपुर रोड़ में डंपर की चपेट में आने से पूर्व सैनिक की हुई दर्दनाक मौत, चालक फरार
हल्द्वानी - रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के पूर्व जवान की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने राह चलते हल्दूचौड़ निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल शमशेर सिंह रौतेला को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि डंपर और चालक की पहचान की जा सके। दो दिन में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं।
इससे पहले गुरुवार को हल्दूचौड़ में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने रामपुर रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की है।