हल्द्वानी - मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से झुमके लूटे, CCTV में कैद हुए बदमाश, आरोपियों की तलाश में पुलिस 

 

हल्द्वानी - मुखानी थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके में गुरुवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने कानों के झुमके लूट लिए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर कानों के झुमके छीन लिए। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

 

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि सुबह के समय भी अपराधी बेखौफ होकर लूट और चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने भगवानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, मॉर्निंग पेट्रोलिंग शुरू करने और चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

 

इसी क्रम में मुखानी कोतवाली क्षेत्र के हिम्मतपुर तल्ला में भी सुबह टहलने गई एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। आरोप है कि पैदल जा रहे दो युवकों ने महिला की चेन झपटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।