नैनीताल - जिले में DM के निर्देश, होमस्टे पर हुई बड़ी कार्रवाई, 150 का रजिस्ट्रेशन रद्द, इतनों पर लगा जुर्माना
नैनीताल - जिले में होमस्टे नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त कर दिया है, जबकि 55 संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत की गई।
प्रशासन और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम द्वारा जिलेभर में होमस्टे इकाइयों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में पाया गया कि अनेक होमस्टे संचालक स्वयं वहां निवासरत नहीं थे। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था के अभाव में वाहनों को सड़क किनारे खड़ा किया जा रहा था। कई इकाइयों में रिसेप्शन स्टाफ नियुक्त कर उनका संचालन होटल और रेस्टोरेंट की तरह किया जा रहा था, जबकि कुछ होमस्टे लीज पर देकर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए संचालित किए जा रहे थे।
डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के आधार पर 150 होमस्टे इकाइयों का पंजीकरण निरस्त किया गया है। साथ ही 55 इकाइयों पर प्रति इकाई 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कार्रवाई के तहत धारी तहसील में 19, रामनगर में 20, नैनीताल में 94, कालाढूंगी में 5, हल्द्वानी में 5 तथा कैंची धाम क्षेत्र में 7 इकाइयों के खिलाफ कदम उठाए गए हैं।
डीएम ने कहा कि जिन अन्य इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को होमस्टे व्यवस्था की मूल अवधारणा और नियमावली का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पर्यटन गतिविधियों में पारदर्शिता और सुव्यवस्थित संचालन बना रहे।