Dharmendra Deol Death - धर्मेंद्र ने नैनीताल में की थी हुकूमत फिल्म की शूटिंग, उनका सुपरहिट डायलॉग आज भी गूंजता है
नैनीताल - बॉलीवुड के सुनहरे दौर का एक चमकता सितारा—धर्मेंद्र। हीमैन के नाम से मशहूर इस सुपरस्टार ने जब नैनीताल में फिल्म हुकूमत की शूटिंग की थी, तब स्थानीय लोगों में जो उत्साह था, वह आज भी वैसा ही ताज़ा है। फिल्म में बोले गए उनके मशहूर डायलॉग “मैं यहां शांति नगर के लोगों के दिलों से डेबीडियन का खौफ़ मिटाने आया हूं” ने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी थी। नैनीताल को फिल्म में शांति नगर के नाम से दिखाया गया था।
एक महीने तक नैनीताल में चली शूटिंग -
वर्ष 1984 में करीब एक महीने तक हुकूमत की शूटिंग नैनीताल और आसपास के इलाकों में चली। 1987 में रिलीज हुई यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और धर्मेंद्र के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हुई। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी यह एक्शन-ड्रामा फिल्म उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी, जिसने रिकॉर्डतोड़ 11 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
नैनीताल—फिल्म की जान -
फिल्म में धर्मेंद्र एसपी अर्जुन सिंह की भूमिका निभाते हैं—एक ईमानदार और निडर पुलिस अधिकारी, जो अपराधियों से जंग लड़ता है। नैनी झील के किनारे, मल्लीताल फील्ड, माल रोड, कलैक्ट्रेट, भवाली, भीमताल और रानीखेत की खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माए गए दृश्य दर्शकों को रोमांचित करते हैं। शांत और ठंडे नैनीताल की पृष्ठभूमि में एक्शन और हिंसा से भरी कहानी को बेहद खूबसूरती से पिरोया गया था।
नैनीताल में रह गई धर्मेंद्र की छाप -
फिल्म यूनिट नैनीताल क्लब में रुकी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार धर्मेंद्र जितने बड़े सितारे थे, उतने ही सरल और ज़मीन से जुड़े इंसान भी थे।
शूटिंग के दौरान अक्सर वे फैंस के बीच घुल-मिल जाते थे। शॉट खत्म होते ही लोगों से बातें करना, ऑटोग्राफ देना और तस्वीरें खिंचवाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था।
सितारों से सजी थी स्टारकास्ट -
फिल्म में धर्मेंद्र के साथ प्रेम चोपड़ा, सदाशिव अमरापुरकर, जोगिंदर, सुधीर, शम्मी कपूर, राजेंद्र कुमार और स्वप्ना ने अहम भूमिकाएं निभाईं। हुकूमत न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही, बल्कि इसने नैनीताल की खूबसूरती को भी बड़े पर्दे पर हमेशा के लिए अमर कर दिया। आज भी लोग उस दौर की यादें संजोए हुए हैं, जब धर्मेंद्र की आवाज़ और अंदाज़ नैनीताल की गलियों में गूंजता था।