देहरादून- दिल्ली एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसने के बाद बड़ा एक्शन, दो अफसरों को किया सस्पेंड, कंपनी से मांगा जवाब 
 

 

Delhi – Dehradun Expressway - दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने की घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त कदम उठाए हैं। NHAI ने तत्काल प्रभाव से परियोजना से जुड़े टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर को निलंबित कर दिया है। साथ ही निर्माण कार्य से जुड़ी सीपीसी (CPC) कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

यह घटना गुरुवार को मेरठ–करनाल हाईवे पर खेड़ा मस्तान गांव के पास हुई, जहां तेज बारिश के चलते सड़क का एक हिस्सा बीच से धंस गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार गड्ढे में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का वीडियो पीड़ित द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।

वीडियो वायरल होने के बाद NHAI ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर मरम्मत कार्य शुरू कराया और प्रभावित हिस्से को यातायात के लिए दोबारा खोल दिया गया। हालांकि, क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुधारने का कार्य अभी भी जारी है और अस्थायी नाली का निर्माण किया गया है।

NHAI ने कार्रवाई करते हुए कुलदीप राजदान (टीम लीडर) और नागेंद्र पाल सिंह (प्रोजेक्ट मैनेजर) को निलंबित किया है। वहीं, चैतन्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी (CPC) प्राइवेट लिमिटेड से विस्तृत जवाब तलब किया गया है। NHAI के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।