देहरादून - 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे ग्राम प्रधान, बैरिकेडिंग तोड़कर किया सचिवालय कूच
देहरादून - 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश प्रधान संगठन के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को देहरादून में सचिवालय कूच किया। परेड ग्राउंड से निकले ग्राम प्रधानों को पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया। इससे प्रदर्शनकारी भड़क गए और पुलिस के साथ उनकी बहस व धक्कामुक्की हो गई। बाद में प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग फांदकर आगे बढ़ गए।
प्रदेश प्रधान संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश माहरा ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सरकार का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मनरेगा में श्रमिकों को महंगाई के अनुपात में कम मजदूरी मिल रही है। साथ ही ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में नेटवर्क की समस्या के कारण भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने ग्राम प्रधानों को 20 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की मांग की है। इसके अलावा जिला योजना की बैठकों में ग्राम प्रधानों को नामित करने, प्रधान निधि का गठन करने, 10 लाख रुपये तक के कार्यों के लिए पंचायतों को कार्यदायी संस्था बनाने और पंचायती राज विभाग के 29 विषय पंचायतों को हस्तांतरित करने समेत अन्य मांगें उठाई गईं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रधान संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। बैरिकेडिंग पार करने के बाद प्रदर्शनकारी सचिवालय की ओर आगे बढ़े।