देहरादून - उत्तराखंड की खनन नीति का दूसरे राज्यों में बढ़ा क्रेज, अध्ययन के लिए छत्तीसगढ़ से पहुंचा अधिकारियों का दल

ई-चेक गेट प्रणाली को बताया आदर्श मॉडल, खनन व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी को लेकर की सराहना
 
 

 

देहरादून - उत्तराखंड की खनन नीति और ई-चेक गेट प्रणाली दूसरे राज्यों के लिए भी अध्ययन का विषय बनती जा रही है। राज्य में खनन गतिविधियों की निगरानी, पारदर्शिता और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लागू की गई व्यवस्था का अध्ययन करने छत्तीसगढ़ खनन विभाग के तीन सदस्यीय अधिकारियों का दल सोमवार को देहरादून पहुंचा। अधिकारियों ने भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय में निदेशक राजपाल लेघा से मुलाकात कर उत्तराखंड की खनन नीति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

छत्तीसगढ़ शासन के खनन विभाग की ओर से 19 नवंबर 2026 को जारी पत्र के क्रम में संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार और खान निरीक्षक राजू यादव उत्तराखंड पहुंचे। इस दौरान एमडीटीएसएस योजना के अंतर्गत स्थापित ई-चेक गेट प्रणाली की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्था और उसके परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने राज्य में स्थापित ई-चेक गेटों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर संचालित व्यवस्थाओं को भी समझा। 

उत्तराखंड में खनन गतिविधियों की निगरानी के लिए लागू ई-चेक गेट प्रणाली को दूसरे राज्यों के अधिकारी भी उपयोगी मॉडल के रूप में देख रहे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से खनन से जुड़े परिवहन और गतिविधियों की निगरानी को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया है।  

हाल में ही खनन सुधारों के लिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को अलग-अलग चरणों में ₹100-₹100 करोड़ करके कुल ₹200 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी है। राज्य के खनन राजस्व में भी लगातार उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहाँ वित्तीय वर्ष 2024-25 में ₹875 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले ₹1,041 करोड़ का राजस्व मिला, वहीं 2025-26 में यह ₹950 करोड़ के लक्ष्य को पार करते हुए रिकॉर्ड ₹1,217 करोड़ तक पहुंच गया। 

गौरतलब है कि उत्तराखंड की खनन नीति और ई-चेक गेट प्रणाली का अध्ययन करने के लिए इससे पहले उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों के खनन विभागों के अधिकारी भी प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। लगातार दूसरे राज्यों के अधिकारियों का उत्तराखंड पहुंचना प्रदेश की खनन व्यवस्था और तकनीकी पहल में बढ़ती रुचि को दर्शाता है। इस अवसर पर खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानंद खण्डूड़ी और आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।