देहरादून - उत्तराखंड डाक विभाग ने Gen-Z पोस्ट ऑफिस की शुरुआत की, इस दिन हल्द्वानी में खुलेगा, क्रिएटिव सेट-अप होगा
देहरादून - उत्तराखंड डाक विभाग प्रदेश में अपनी नई पहल Gen-Z पोस्ट ऑफिस की शुरुआत करने जा रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को डाक सेवाओं से जोड़ना और बदलते समय की डिजिटल जरूरतों के अनुरूप सेवाओं को आधुनिक बनाना है। इस पहल के तहत राज्य में कुल 7 नए Gen-Z पोस्ट ऑफिस खोले जाएंगे।
पहला Gen-Z पोस्ट ऑफिस 1 दिसंबर को पौड़ी जिले के जीबी पंत पीजी कॉलेज/इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी परिसर में शुरू किया जाएगा, जबकि दूसरा पोस्ट ऑफिस 15 दिसंबर को हल्द्वानी में खुलेगा। डाक विभाग की योजना है कि इन पोस्ट ऑफिसों को राज्यभर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के परिसर में स्थापित किया जाए ताकि युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके।
डाक विभाग के उत्तराखंड परिमंडल के निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी पत्राचार और पारंपरिक डाक सेवाओं से दूर होती जा रही है। युवाओं का झुकाव डिजिटल माध्यमों और मोबाइल संचार की ओर बढ़ा है। इसलिए विभाग ने यह अभिनव पहल शुरू की है, ताकि युवा फिर से डाक सेवाओं से जुड़ सकें और डाकघर की आधुनिक छवि विकसित की जा सके।
Gen-Z पोस्ट ऑफिस को पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। वाइ-फाइ, कॉफी मशीन, क्रिएटिव इंटीरियर के साथ-साथ यहां आधार सेंटर और डाक विभाग की सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी। इन पोस्ट ऑफिसों के डिज़ाइन और क्रिएटिव सेट-अप में शिक्षण संस्थानों के छात्रों को भी शामिल किया जाएगा ताकि यह जगह युवाओं के लिए अधिक आकर्षक और उपयोगी बन सके।
डाक विभाग ने शुरुआती चरण में दो पोस्ट ऑफिस चिन्हित किए हैं। शिक्षण संस्थानों से बातचीत जारी है और अगले चरण में प्रदेशभर में कुल 7 Gen-Z पोस्ट ऑफिस स्थापित किए जाएंगे।