देहरादून - उत्तराखंड में महिला समूहों के लिए खुशखबरी, सरकार देगी 20 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण
देहरादून – उत्तराखंड की महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की ओर और तेजी से कदम बढ़ा सकेंगी। राज्य सरकार ने महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना का ऐलान किया है। यह ऋण 10 लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक का होगा, जो कि पूरी तरह से ब्याज मुक्त होगा।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की घोषणा -
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रस्ताव को कैबिनेट बैठक में लाया जाएगा और इसके तहत प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का बड़ा कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिला समूह फूलों की खेती, बागवानी, कुटीर एवं लघु उद्योग, ग्रामीण उत्पाद, और अन्य स्वरोज़गार से जुड़े कार्यों के ज़रिए अपनी आय को दोगुना कर सकें, इसके लिए यह ब्याजमुक्त ऋण योजना शुरू की जा रही है।
‘लखपति दीदी योजना’ से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेगी योजना -
यह योजना ‘लखपति दीदी योजना’ से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य है ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की वार्षिक आय कम से कम ₹1 लाख तक पहुंचाना। इस योजना के तहत महिलाओं को कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता के ज़रिए स्थायी आजीविका से जोड़ा जा रहा है।
महिलाओं को बनाएगा आत्मनिर्भर और प्रेरणास्रोत -
सरकार का मानना है कि इस योजना के ज़रिए महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, बल्कि वे अपने समुदाय के लिए प्रेरणास्त्रोत भी बनेंगी। इस पहल से महिलाओं को स्थायी रोजगार, छोटे व्यापार की शुरुआत, और सामाजिक सम्मान भी मिलेगा।
डॉ. रावत ने बताया कि इस योजना को शीघ्र कैबिनेट में प्रस्तावित कर लागू किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक बढ़ाया जाए।