देहरादून - उत्तराखंड कैबिनेट ने इन 23 फैसलों पर लगाई मुहर, वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा 25 से बढ़ाकर की 28 वर्ष
 

चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी, पीजी डॉक्टरों के लिए दो साल का सेवा बॉन्ड अनिवार्य; आबकारी विभाग में 11 नए पदों को मंजूरी
 
 

देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में युवाओं, श्रमिकों, स्वास्थ्य सेवाओं, आबकारी और खनन समेत विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे अहम फैसले के तहत वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। वहीं, प्रदेश की चीनी मिलों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी।

कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने दी। बैठक में उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत किया गया। इसके साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

पीजी डॉक्टरों को दो साल प्रदेश में देनी होगी सेवा -
चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े प्रस्ताव के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू करने को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पीजी करने वाले डॉक्टरों को पढ़ाई पूरी करने के बाद दो वर्ष तक उत्तराखंड में सेवाएं देनी होंगी। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत फार्मा संवर्ग के नियमों में भी संशोधन किया गया है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे -
आबकारी विभाग के ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल 11 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इसमें उप आबकारी आयुक्त के पद दो से बढ़ाकर सात किए जाएंगे, जबकि सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित होंगे। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।

खनन शुल्क में पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई दर -
खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, खनन रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसके अलावा भू-उपयोग की दरों को कम करने का फैसला भी लिया गया है। उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित की गई है। समिति की सिफारिशों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव को मंजूरी-
कैबिनेट ने उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। वहीं, राज्य में निर्माण कार्य नहीं करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को निर्माण कार्यों की सूचीबद्धता से बाहर करने का फैसला लिया गया। सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी देते हुए इसमें आईटी से संबंधित पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली और चिकित्सा शिक्षा विभाग की संशोधित नियमावली को मंजूरी दी गई। पंचम विधानसभा के सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई। बैठक में सफाई कर्मचारी आयोग, कर्मकार कल्याण, श्रम और विभिन्न विभागों के सेवा नियमों से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए गए।