देहरादून - तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, स्कूटी सवार युवती समेत दो घायल, वीडियो हुआ वायरल
देहरादून - राजधानी देहरादून में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार शाम को कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला में एक तेज रफ्तार मार्बल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में स्कूटी सवार युवती और ट्रक चालक घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने का दृश्य कैद हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम सहारनपुर से मार्बल लेकर एक ट्रक देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास अचानक ट्रक का आगे का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। इस दौरान स्कूटी सवार अंजलि निवासी कमल विहार, बंजारावाला ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में ट्रक चालक फैजल निवासी जिला अलवर, राजस्थान भी घायल हो गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसके चलते पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कराया गया और करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहब्बेवाला क्षेत्र में पिछले पांच महीनों में यह चौथी बड़ी दुर्घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इससे पहले 18 फरवरी को मोहब्बेवाला चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक कार पर पलट गया था, जिससे कार में आग लग गई थी। हालांकि कार सवार समय रहते बाहर निकल गए थे। वहीं 5 दिसंबर 2025 को सीमेंट से भरा ट्रक छह वाहनों से टकराकर नाले में पलट गया था और 14 अक्टूबर 2025 को एक ट्रक मकान में घुस गया था।कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल दोनों लोगों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग से भी इस संबंध में वार्ता की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जाएगी।