देहरादून - उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में 10वीं-12वीं के छात्रों को मिलेंगे टैबलेट, सीएम कार्यालय ने दिए कार्रवाई के निर्देश
देहरादून - उत्तराखंड के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को जल्द टैबलेट उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने विद्यालयी शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के उप सचिव हीरा सिंह बसेड़ा ने विद्यालयी शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में मुख्यमंत्री की घोषणा का उल्लेख करते हुए इसके क्रियान्वयन के लिए तत्काल अग्रिम कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही योजना के लिए वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर शासनादेश जारी करने और इसकी जानकारी अविलंब मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान की थी घोषणा -
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 18 सितंबर को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया था। इस दौरान एक छात्रा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि देने की घोषणा की थी।
शासनादेश जारी होने के बाद स्पष्ट होगी प्रक्रिया -
मुख्यमंत्री कार्यालय के पत्र के बाद अब विद्यालयी शिक्षा विभाग के स्तर पर योजना के क्रियान्वयन को लेकर आगे की कार्रवाई की जानी है। वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति और शासनादेश जारी होने के बाद योजना से जुड़ी प्रक्रिया स्पष्ट होगी। फिलहाल विद्यार्थियों को मिलने वाली धनराशि, वितरण की समयसीमा और अन्य शर्तों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।