देहरादून - सचिवालय कर्मी पर पत्नी की दहेज हत्या का आरोप, आठ माह पहले हुई थी शादी, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

देहरादून - उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक निजी सचिव पर अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला हर्रावाला चौकी क्षेत्र का है, जहां शादी के महज आठ माह बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीकोट निवासी स्वर्गीय सुमेर सिंह कंडारी की बेटी सृष्टि कंडारी सरकारी शिक्षिका थीं। उनका विवाह नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव (दिल्ली फार्म) निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

शादी के बाद प्रताड़ना का आरोप - 
मृतका की मां सीमा कंडारी ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य कारणों को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में कहा गया है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू कथित तौर पर सृष्टि को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से परेशान करते थे।

परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उनका निधन हो गया। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष ने किसी पंडित की बात का हवाला देते हुए सृष्टि को ‘मनहूस’ कहना शुरू कर दिया और परिवार में होने वाली परेशानियों के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद कथित रूप से उसके साथ उत्पीड़न और बढ़ गया।

फोन पर संपर्क टूटने के बाद मिली मौत की सूचना - 
मृतका की मां ने बताया कि जब काफी समय तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने एक परिचित को उसके ससुराल भेजा। वहां से जानकारी मिली कि सृष्टि की तबीयत खराब होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही परिजन देहरादून पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी। पूछने पर व्यस्त होने का कारण बताया गया।

दहेज मृत्यु की धारा में मुकदमा दर्ज - 
सीमा कंडारी की तहरीर पर हर्रावाला पुलिस चौकी, थाना डोईवाला में पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।