देहरादून - उत्तराखंड में 10 अगस्त तक बारिश के आसार, कल इन जिलों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी

 

 

देहरादून - उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 10 अगस्त तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्यभर में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। 5 अगस्त (बुधवार) के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज से अति तेज वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं। वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी बारिश और गर्जन के साथ तेज बारिश की संभावना है।

6 अगस्त को इन जिलों में रहेगा असर - 
गुरुवार को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

7 और 8 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला - 
शुक्रवार को देहरादून, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना है। शनिवार को रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर जिलों में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। अन्य पर्वतीय जिलों में तेज से अति तेज बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

9 और 10 अगस्त को भी बरसेंगे बादल - 
मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 अगस्त को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की आशंका जताई है। साथ ही बिजली, पानी जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।