देहरादून - बड़े बकायदारों की करोड़ों की संपत्ति हुई कुर्क, DM के निर्देश के बाद करोड़ों की वसूली पर कार्रवाई 

 

देहरादून - उत्तराखंड के देहरादून जिला प्रशासन की टीम ने जिले के तीन बड़े बकायदारों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की है। देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर तहसील सदर अंतर्गत बड़े बकायदारों पर एसडीएम (न्याय) के नेतृत्व में राजस्व टीम ने कार्रवाई की। कुर्की कार्रवाई में एक बिल्डर के विसप्रिंग विला, राजपुर रोड पर 4 बीएचके फ्लैट को सील किया गया। इस बिल्डर से 3.41 करोड़ रुपए राजस्व की वसूली जारी है। वहीं, एक अन्य बिल्डर का कार्यालय कुर्क कर सील किया गया, जिससे 33.83 लाख रुपए की वसूली होने वाली है। इसके अलावा एक बकायदार के कृष्णा होम, राजपुर रोड में फ्लैट को भी सील किया गया।

जिलाधिकारी ने दिए निर्देश: देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली के निर्देश दिए हैं। 13 नवंबर गुरुवार को एसडीएम (न्याय) कुमकुम जोशी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने तहसील सदर अंतर्गत इन बकायेदारों की संपत्ति कुर्क की।

कुर्की का विवरण - 
एक बिल्डर पर लगभग 3.41 करोड़ रुपए जीएसटी बकाया था, जिसके खिलाफ विसप्रिंग विला, 4 बीएचके फ्लैट सील किया गया।
एक अन्य बकायेदार पर करीब 33.83 लाख रुपए और 10 प्रतिशत संग्रह व्यय की कुर्की कर कार्यालय सील किया गया।
तीसरे बकायदार पर लगभग 20.10 लाख रुपए जीएसटी और अन्य बकाया राशि की कुर्की के तहत कृष्णा होम, राजपुर रोड में फ्लैट सील किया गया।

आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी - 
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जिले के बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली के निर्देश सभी उप जिलाधिकारियों को दिए गए हैं। राजस्व जमा न कराने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई जारी रहेगी।