देहरादून - उत्तराखंड में पंचायत उपचुनाव का ऐलान, 3922 पदों पर 12 अक्टूबर को मतदान, इस दिन मतगणना और परिणाम

 

देहरादून - उत्तराखंड में पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रदेश में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के कुल 3,922 रिक्त पदों पर उपचुनाव कराया जाएगा। इसके लिए 12 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, रिक्त पदों में ग्राम पंचायत सदस्य के 3,890, ग्राम प्रधान के 23 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 9 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 26 सितंबर से शुरू हो गई है।

30 सितंबर और 1 अक्टूबर को नामांकन - 
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 3 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 4 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद 5 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। 14 अक्टूबर को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

12 जिलों में होंगे उपचुनाव - 
हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य 12 जिलों में वर्ष 2025 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए गए थे। चुनाव के दौरान कुछ पद रिक्त रह गए थे, जबकि बाद में भी विभिन्न कारणों से पंचायतों के कई पद खाली हुए। इन्हीं रिक्त पदों को भरने के लिए अब उपचुनाव कराया जा रहा है।

प्रशासन ने शुरू की तैयारियां -
उपचुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही जिला स्तर पर निर्वाचन तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती, मतपत्रों की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।