देहरादून - उत्तराखंड के नए कैबिनेट मंत्रियों को मिले विभाग, जानिए किसे क्या मिला, CM के पास हैं 16 डिपार्टमेंट 
 

 

देहरादून - मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रदेश सरकार में विभागों का बहुप्रतीक्षित बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासनिक संतुलन साधते हुए जहां कई विभाग नए मंत्रियों को सौंपे हैं, वहीं सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा सूचना एवं जनसंपर्क जैसे अहम विभाग अपने पास ही रखे हैं।

हाल ही में शपथ लेने वाले नए मंत्रियों को उनके विभाग आवंटित कर दिए गए हैं। इसके तहत खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग दिया गया है।

इसी क्रम में मदन कौशिक को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं। प्रदीप बत्रा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी मिली है। वहीं राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबंधन विभाग आवंटित किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों को भरने के बाद यह बंटवारा किया गया है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। पहले कई विभाग मुख्यमंत्री के पास ही थे, जिन्हें अब चरणबद्ध तरीके से मंत्रियों को सौंपा गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रमुख विभाग अपने पास रखना एक रणनीतिक कदम है, जिससे शासन की मुख्य कमान उनके हाथ में बनी रहेगी, जबकि अन्य मंत्रियों को जिम्मेदारी देकर प्रशासनिक दक्षता और जवाबदेही बढ़ाने का प्रयास किया गया है।